कोलकाता।
बांकुड़ा में रविवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा स्कीम पर चलती है तो तृणमूल स्कैम पर चलती है। पीएम मोदी ने कहा कि दीदी का किला ढह गया है, इससे वह बौखला गई है। मुझे लात मारने की बात कही जा रही है लेकिन हम बंगाल के गरीब और विकास को लात नहीं मारने देंगे। दीदी तो अभी से ईवीएम पर सवाल करने लगी है। दीदी को जिस ईवीएम ने 10 सालों तक सत्ता सौंपी वही ईवीएम अब उन्हें रास नहीं आ रही है। दरअसल दीदी को दिन और रात पराजय का भय सता रहा है।
मोदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस बार जोर से छाप कमल छाप। मोदी ने कहा कि बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनने पर यहां राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू किया जाएगा । बंगाल के हर गांव में इंटरनेट कनेक्शन देने वाला फाइबर बिछाया जाएगा, डेढ़ करोड़ परिवारों को शुद्ध जल की सुविधा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने राज्य में आयुष्मान योजना लागू करने और आधुनिक हेल्थ सेंटर बनाने का भरोसा देते हुए कहा कि अब बंगाल में खेला खत्म होगा और विकास शुरू होगा । भाजपा की सरकार बनाकर सोनार बांग्ला बनाएंगे। पीएम ने कहा कि असल परिवर्तन बंगाल में ऐसी सरकार लाने के लिए है जो सरकारी योजनाओं का पैसा गरीब तक पहुंचा सकें, जो तोला बाजी सिंडिकेट और भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई करें। भाजपा यहां असल परिवर्तन लाकर दिखाएगी।


