बेगूसराय|

पुत्री के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने गुरुवार को अपने दामाद की हत्या करवा दी। वहीं उसे बचाने गए उसके दोस्त को भी गोली लगी है जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरदिया गांव की है। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी इम्तियाज के रूप में की गई है। घायल गैरेज संचालक का नाम रहमत है। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है।
जानकारी अनुसार इम्तियाज ने 3 वर्ष पूर्व मध्य विद्यालय चिलमिल के शिक्षक औरंगजेब की पुत्री सादिया परवीन के साथ दिल्ली में प्रेम विवाह किया था। इससे नाराज औरंगजेब अपने दामाद को बार-बार हत्या करवाने की धमकी दे रहा था। दोनों के बीच मुकदमा भी चल रहा था। इम्तियाज को चार-पांच माह की पुत्री है। औरंगजेब अपनी पुत्री को तलाक देने का दबाव भी बना रहा था। पर इसमें वह असफल रहा था।
घटना के दिन दोपहर को इम्तियाज अपने घर के समीप रहमत के गैरेज में बैठा था। तभी दो बाइक पर सवार चार अपराधी वहां अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। छाती में दो गोली लगने से इम्तियाज वहां गिर पड़ा । इम्तियाज को बचाने आए रहमत को भी अपराधियों ने गोली मार दी और हथियार लहराते भाग खड़े हुए। घटना में घायल दोनों को निजी अस्पताल लाया गया जहां इम्तियाज को मृत घोषित कर दिया गया। मालूम हो कि औरंगजेब और इम्तियाज जमीन खरीदने बेचने में दलाली का धंधा साथ-साथ करते थे। इस क्रम इम्तियाज का औरंगजेब की पुत्री से प्रेम हो गया और दोनों ने घर से भागकर दिल्ली में कोर्ट मैरिज कर ली। लंबे समय तक दिल्ली में रहने के बाद हाल ही में दोनों गांव आए थे।