शिक्षा मित्रों को शिक्षक के बराबर वेतन, गांवों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली और किसानों की कर्जमाफी का ऐलान
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं, मजदूरों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं। पार्टी ने स्नातक पास बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया है। इसके अलावा गांवों में 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

युवाओं और शिक्षा मित्रों के लिए बड़े वादे
सपा के घोषणापत्र में करीब 1.5 लाख शिक्षा मित्रों को शिक्षकों के बराबर वेतन देने का प्रस्ताव शामिल है। अखिलेश यादव ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। पार्टी ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के वेतन में सुधार तथा ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों को बेहतर वेतन देने का भी वादा किया है। साथ ही संविदा कर्मचारियों को स्थायी करने की दिशा में प्रयास करने की बात कही गई है।
महिलाओं, मजदूरों और बुजुर्गों को 40 हजार रुपये पेंशन
घोषणापत्र में बुजुर्ग महिलाओं, मजदूरों और कारीगरों के लिए सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। पार्टी ने बंद पड़े सरकारी स्कूलों को दोबारा खोलने और पुरानी पेंशन योजना की बहाली की दिशा में काम करने की बात भी कही है।
किसानों की कर्जमाफी और एमएसपी का वादा
किसानों को लेकर भी समाजवादी पार्टी ने घोषणापत्र में कई महत्वपूर्ण वादे किए हैं। पार्टी ने किसानों का कर्ज माफ करने और उनकी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित करने की घोषणा की है। गांवों में 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का वादा भी ग्रामीण परिवारों और किसानों को ध्यान में रखकर किया गया है।
2022 के घोषणापत्र के कई वादे फिर शामिल
सपा के 2027 के घोषणापत्र में वर्ष 2022 के कई प्रमुख मुद्दों को दोबारा जगह दी गई है। इनमें किसानों की कर्जमाफी, एमएसपी, रोजगार और पेंशन प्रमुख हैं। हालांकि, इस बार पेंशन की राशि बढ़ाने और लाभार्थियों का दायरा विस्तृत करने की बात कही गई है। वर्ष 2022 में जरूरतमंद महिलाओं को सालाना 18 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया गया था।
आजम खान ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का जताया भरोसा
घोषणापत्र जारी होने के दौरान सपा नेता आजम खान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने देश के मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे युवा आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के लिए मौत सस्ती और जिंदगी महंगी हो गई है।


