Palamu News: जिले में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पांडु थाना क्षेत्र के महुआ धाम में संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा, अर्धनिर्मित हथियारों के हिस्से और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं। मौके से 58 वर्षीय उदय मिस्त्री को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
रिमांड पर पूछताछ में हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार, पांडु थाना कांड संख्या 46/2026 के तहत पूर्व में रतनाग निवासी अमित कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह के घर से दो देशी कट्टे बरामद किए गए थे। घटना के समय अमित कुमार सिंह घर पर मौजूद नहीं था। गिरफ्तारी के डर से वह फरार चल रहा था। बाद में उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने अमित कुमार सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि बरामद दोनों देशी कट्टे उसने उदय मिस्त्री से खरीदे थे। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उदय मिस्त्री महुआ धाम स्थित अपने पाही के घर में देशी कट्टे और अन्य हथियारों का निर्माण करता है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई छापेमारी
अमित से मिली जानकारी के आधार पर एसडीपीओ विश्रामपुर चिरंजीव मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उदय मिस्त्री के घर पर छापेमारी की। घर की तलाशी के दौरान वहां अवैध हथियार निर्माण से संबंधित गतिविधियों का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से एक देशी कट्टा और दो अर्धनिर्मित लोहे के बैरल बरामद किए।
इसके अलावा लकड़ी के बट, ट्रिगर, ट्रिगर गार्ड, हथौड़ी, रेती, छेनी और रिंच समेत हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए। पुलिस ने करीब 70 छोटे-बड़े लोहे के टुकड़े भी बरामद किए हैं। इन सभी सामानों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
छापेमारी दल में शामिल थे कई पुलिस अधिकारी
कार्रवाई में पांडु थाना प्रभारी विगेश राय, पुलिस अवर निरीक्षक राजकुमार मेहता, सहायक अवर निरीक्षक प्रेम नारायण रजक समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पलामू पुलिस ने आम लोगों से अवैध हथियारों के निर्माण, भंडारण और खरीद-बिक्री से संबंधित जानकारी नजदीकी थाने को देने की अपील की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस कार्रवाई को जिले में अवैध हथियारों के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


