देव दीपावली पर उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान-दान और दीपदान के लिए उमड़े श्रद्धालु, झारखंड और नेपाल से भी पहुंचे भक्त; सुरक्षा में तैनात रहा प्रशासन
Bhagalpur News: कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार को सुल्तानगंज स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा अजगैबीनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उत्तरवाहिनी गंगा के पवित्र तट पर लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दीपदान किया। बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा झारखंड और नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरा धाम क्षेत्र भक्तिमय हो गया। सोमवार की रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

ब्रह्म मुहूर्त से शुरू हुआ गंगा स्नान
मंगलवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही नमामि गंगे घाट और सीढ़ी घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। गंगा में स्नान करने के बाद भक्तों ने बाबा अजगैबीनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान गंगा घाट से लेकर मंदिर परिसर तक हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर दीप जलाकर देव दीपावली मनाई।
स्नान और दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व
अजगैबीनाथ मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरि ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान, दान और दीपदान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। वहीं मंदिर के पुरोहित लाल मोरिया पांडा ने बताया कि मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लिया था। इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की संयुक्त आराधना का विशेष महत्व है। गंगा तट पर दीपदान करने से पितरों को शांति मिलने की भी मान्यता है।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन रहा अलर्ट
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी में जाने से बचें। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया था। वहीं मेला क्षेत्र और मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अजगैबीनाथ धाम में सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही। गंगा स्नान, जलाभिषेक और दीपदान के साथ पूरा सुल्तानगंज शिवमय और भक्तिमय नजर आया।


