Patna News: विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में गोपालगंज सदर की अनुमंडलाधिकारी (एसडीओ) कुमारी प्रेरणा सिंह और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई पटना, गोपालगंज और रोहतास जिले में की जा रही है। एसवीयू की अलग-अलग टीमें संबंधित ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
1.98 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित करने का आरोप

विशेष निगरानी इकाई के अनुसार, अधिकारी दंपती के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में 23 नवंबर 2026 को कांड संख्या 29/2026 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने अपनी सेवा अवधि के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए कथित रूप से भ्रष्ट और अवैध तरीकों से करीब 1 करोड़ 98 लाख 28 हजार 175 रुपये की संपत्ति अर्जित की है।
जांच एजेंसी का आरोप है कि दंपती की ओर से अर्जित संपत्ति उनकी ज्ञात वैध आय के स्रोतों से काफी अधिक है। इसी आधार पर एसवीयू ने मामला दर्ज कर तलाशी अभियान शुरू किया है।
पटना, गोपालगंज और रोहतास में चल रही जांच
कुमारी प्रेरणा सिंह वर्तमान में गोपालगंज सदर में अनुमंडलाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, उनके पति रितेश कुमार पटना में पथ निर्माण विभाग के पथ प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं।
छापेमारी के दौरान एसवीयू की टीमें संपत्ति से संबंधित दस्तावेज, बैंक खातों का रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन के ब्योरे और अन्य महत्वपूर्ण कागजात खंगाल रही हैं। अधिकारियों की ओर से दंपती की ज्ञात आय और उनके नाम पर अर्जित चल-अचल संपत्तियों का मिलान किया जा रहा है।
दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई
एसवीयू की इस कार्रवाई से प्रशासनिक और सरकारी महकमों में हलचल मच गई है। जांच टीम छापेमारी के दौरान मिलने वाले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संपत्ति के स्रोतों की पड़ताल करेगी। तलाशी पूरी होने के बाद ही बरामदगी और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।
फिलहाल एसवीयू के अधिकारी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी देने से बच रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के दौरान मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।


