Patna News: लखीसराय जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर गांव के समीप हुआ, जहां ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मोतिहारी से देवघर जा रहे थे सभी लोग

मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी अंतर्गत ढाका थाना क्षेत्र के निवासी थे। सभी लोग मोतिहारी से झारखंड के देवघर जा रहे थे। इसी दौरान गुणसागर गांव के पास सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक से उनकी गाड़ी की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।
ग्रामीणों की मदद से निकाले गए घायल
घटना की सूचना मिलते ही तेतरहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को तत्काल लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। घायलों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है। चारों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों और घायलों की हुई पहचान
तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय के अनुसार, हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मृतकों की पहचान स्कॉर्पियो चालक तारीक आलम, बादल कुमार, राकेश गुप्ता, सुनीता देवी और पल्लवी देवी के रूप में हुई है।
वहीं, घायलों में स्वीटी देवी, उज्जवल कुमार, मुन्ना कुमार और शेखर गुप्ता शामिल हैं। पुलिस ने सभी पांच मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
मोतिहारी में परिजनों के बीच मचा कोहराम
हादसे की खबर जैसे ही मोतिहारी के ढाका स्थित पीड़ित परिवारों तक पहुंची, वहां मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही वाहन में सवार पांच लोगों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


