पारसनाथ शिखरजी की वंदना कर जमशेदपुर लौट रहे थे श्रद्धालु, मधुबन में पेड़ से टकराकर पलटी बस; दो घायलों की हालत गंभीर
Giridih News: जिले के प्रसिद्ध जैन तीर्थस्थल पारसनाथ शिखरजी की वंदना कर जमशेदपुर लौट रहे जैन श्रद्धालुओं की बस रविवार देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मधुबन थाना क्षेत्र के कल्याण निकेतन के समीप हुए इस दर्दनाक हादसे में गुजरात के एक दंपति की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, जैन श्रद्धालुओं का काफिला रविवार देर रात करीब 10 वाहनों में सवार होकर पारसनाथ शिखरजी की वंदना करने के बाद जमशेदपुर लौट रहा था। इसी दौरान मधुबन थाना क्षेत्र के कल्याण निकेतन के पास यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस दूसरी ओर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
इस दुर्घटना में गुजरात के सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज (56) और उनकी पत्नी बादामी देवी (49) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में सवार 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को तत्काल पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। इनमें दो यात्रियों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डुमरी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आबिद खान, मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटना से संबंधित जानकारी जुटाई।
एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि मृतक दंपति के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे के बाद श्रद्धालुओं के बीच शोक का माहौल है।


