पलामू के जमुना खरडीहा गांव में उल्टी-दस्त की शिकायत से मचा हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग ने भोजन के नमूने जांच के लिए भेजे
Palamu News: जिले में गृह प्रवेश समारोह का भोज खाने के बाद 50 से अधिक ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। रविवार सुबह अचानक लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। इनमें 19 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल टीम तैनात कर प्रभावित लोगों का उपचार शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जमुना खरडीहा गांव निवासी विमलेश यादव के नवनिर्मित मकान में गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया था। इसमें गांव के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। समारोह में पूड़ी, बुंदिया, सब्जी समेत कई तरह के पकवान बनाए गए थे। शनिवार को भोज खाने के बाद कुछ लोगों की तबीयत खराब हुई थी, लेकिन रविवार सुबह अचानक एक के बाद एक लोगों को उल्टी और दस्त होने लगे।
देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या 50 के पार पहुंच गई। गंभीर हालत में 19 लोगों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य लोगों का इलाज गांव और आसपास के क्षेत्रों में चल रहा है।
डीसी ने जांच के दिए निर्देश
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 50 से अधिक लोग बीमार हुए हैं। मामले की जांच के लिए छतरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी सह प्रशिक्षु आईएएस ऋतिक मेहता को निर्देश दिया गया है। प्रशासनिक टीम पूरे मामले की निगरानी कर रही है।
भोजन के नमूने जांच के लिए भेजे गए
छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजेश अग्रवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त भोजन का प्रतीत हो रहा है। अस्पताल में भर्ती मरीजों का उपचार किया जा रहा है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंचकर अन्य बीमार लोगों की जांच और इलाज कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने समारोह में बचे हुए भोजन को नष्ट करा दिया है। साथ ही भोजन के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने लोगों के बीमार होने की वजह फूड प्वाइजनिंग बताई है। हालांकि, भोजन के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी वास्तविक वजह की पुष्टि हो सकेगी।
प्रशासन ने गांव में तैनात की मेडिकल टीम
नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि गृह प्रवेश समारोह में भोजन करने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण बीमार हुए हैं। प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रही है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।


