ठेकेदारों को धमकाकर मांगी जा रही थी रंगदारी, पुलिस ने देसी कट्टा, कारतूस, बाइक और मोबाइल किया जब्त
Khunti News: प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के नाम पर ठेकेदारों से लेवी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में खूंटी पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, पीएलएफआई के तीन पर्चे, एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

रविवार को पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते 13 नवंबर को तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ के पास निर्माणाधीन आवासीय विद्यालय और 15 नवंबर को आनंदपुर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण करा रही वीकेएस कंपनी के कार्यस्थल पर पीएलएफआई के पर्चे फेंककर लेवी की मांग की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तोरपा एसडीपीओ विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई थी। टीम तपकरा, रनिया और आनंदपुर थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान 21 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक से जयपुर होते हुए कोलेबो के रास्ते रनिया की ओर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए।
दो मामलों में संलिप्तता स्वीकारने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपितों ने पीएलएफआई के नाम पर लेवी मांगने से जुड़े तपकरा थाना कांड संख्या 10/26 और आनंदपुर थाना कांड संख्या 20/26 में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रनिया थाना क्षेत्र के केलो निवासी 24 वर्षीय संजू मांझी और अंकुश बागे उर्फ दोनदो के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि दोनों को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
छापेमारी टीम में तोरपा एसडीपीओ विजय कुमार सिंह, मनोहरपुर अंचल के पुलिस निरीक्षक अमित रोशन कुल्लू, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार, आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस, तपकरा थाना के एएसआई और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


