Siwan News: भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में रेलवे ने बड़ी पहल की है। रेल मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या धाम से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मंजूरी दे दी है। इस ट्रेन के परिचालन से दोनों देशों के प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच श्रद्धालुओं का आवागमन आसान होगा। खास बात यह है कि ट्रेन गोरखपुर, नरकटियागंज और रक्सौल के रास्ते जनकपुर धाम पहुंचेगी।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस रेल सेवा का शुभारंभ 23 नवंबर को उद्घाटन विशेष ट्रेन के रूप में किया जाएगा। 04295 अयोध्या धाम-जनकपुर धाम उद्घाटन विशेष ट्रेन अयोध्या से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन मनकापुर और बस्ती होते हुए शाम 5:40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद नरकटियागंज से रात 9:30 बजे गुजरते हुए रक्सौल के रास्ते नेपाल की ओर रवाना होगी।

अगले दिन ट्रेन सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर होते हुए सुबह 10 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। इससे अयोध्या और जनकपुर के बीच धार्मिक यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
वापसी में सुबह 4:05 बजे पहुंचेगी गोरखपुर
वापसी में 04296 जनकपुर धाम-अयोध्या धाम उद्घाटन विशेष ट्रेन 24 नवंबर को जनकपुर धाम से दोपहर एक बजे रवाना होगी। यह ट्रेन जयनगर, मधुबनी, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज होते हुए अगले दिन सुबह 4:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद बस्ती और मनकापुर के रास्ते सुबह 8:10 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी।
17 कोच के साथ चलेगी उद्घाटन विशेष ट्रेन
रेलवे के अनुसार, उद्घाटन विशेष ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें सात शयनयान श्रेणी, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, तीन वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी, दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल हैं। इसके अलावा एक जनरेटर सह लगेज यान और एक एलएसएलआरडी कोच भी रहेगा।
रेलवे की इस पहल से अयोध्या स्थित राम मंदिर और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली और अयोध्या को भगवान श्रीराम की नगरी माना जाता है। ऐसे में दोनों तीर्थस्थलों को रेल मार्ग से जोड़ना भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती देगा।


