Nawada News: जिले के शिक्षा विभाग में वेतन भुगतान के नाम पर 1.17 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। HRMS पोर्टल के माध्यम से जिले के 181 शिक्षकों के बैंक खातों में निर्धारित राशि से अधिक रकम भेज दी गई। मामला उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। विभाग ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो लिपिकों को निलंबित कर दिया है। वहीं, दोनों के खिलाफ नगर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षकों के वेतन, मकान किराया भत्ता और एरियर के भुगतान के दौरान गड़बड़ी हुई। इस प्रक्रिया में कुल 1 करोड़ 17 लाख 92 हजार 308 रुपये की अतिरिक्त राशि 181 शिक्षकों के बैंक खातों में चली गई। इतनी बड़ी रकम का निर्धारित भुगतान से अधिक भेजा जाना विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

नवपदस्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी ने रविवार को बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद विभागीय स्तर पर जांच कराई गई। जांच में अतिरिक्त भुगतान की पुष्टि होने के बाद संबंधित शिक्षकों से पूरी अतिरिक्त राशि वापस वसूल कर ली गई है। विभाग के अनुसार, फिलहाल अतिरिक्त भुगतान की राशि की वसूली पूरी कर ली गई है।
मामले में विभाग ने प्रधान लिपिक सतीश कुमार (चेकर) और लिपिक रविन्द्र कुमार (मेकर) के खिलाफ कार्रवाई की है। दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा दोनों के विरुद्ध नवादा नगर थाने में आपराधिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
अधिकारियों की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल
इस पूरे मामले में केवल दो लिपिकों पर कार्रवाई किए जाने को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। चर्चा है कि जब 181 शिक्षकों के खातों में 1.17 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त राशि भेजी जा रही थी, तब विभागीय निगरानी व्यवस्था को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई?
वेतन भुगतान की प्रक्रिया में जांच, सत्यापन और अंतिम स्वीकृति की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों के पास थी, उनकी भूमिका की भी जांच करने की मांग उठ रही है। स्थानीय स्तर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की जा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी वित्तीय अनियमितता के लिए क्या केवल दो लिपिक जिम्मेदार थे या फिर इसमें अन्य अधिकारियों की भूमिका भी रही है? फिलहाल विभागीय जांच और पुलिस कार्रवाई के बाद सबकी नजरें आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।


