HAZARIBAGH NEWS : झारखंड के हजारीबाग जिले में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। बरही थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम बाइक सवार दो अपराधियों ने एके पैलेस होटल को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी घटनास्थल पर एक पर्चा फेंककर फरार हो गए। पर्चे पर ‘महाकाल राहुल दुबे गैंग’ का नाम लिखा हुआ है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फायरिंग के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
अपाचे बाइक से पहुंचे थे दो अपराधी

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम अपाचे बाइक पर सवार दो अपराधी एके पैलेस होटल के पास पहुंचे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, दोनों ने होटल पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग के बाद अपराधियों ने घटनास्थल पर एक पर्चा छोड़ा और मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने के बाद बरही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पर्चे को जब्त कर जांच शुरू की। पर्चे पर गैंग का नाम मिलने के बाद इस गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
10 दिन पहले होटल संचालक को मिली थी धमकी
होटल संचालक वीरेंद्र रजक ने बताया कि घटना से करीब 10 दिन पहले उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी मिली थी। उनके अनुसार, केदार यादव नामक व्यक्ति ने होटल को लेकर उन्हें देख लेने की चेतावनी दी थी। संचालक ने आशंका जताई है कि इसी धमकी के बाद होटल पर फायरिंग कराई गई। उन्होंने इस मामले में केदार यादव की संभावित भूमिका की भी आशंका व्यक्त की है।
बताया जाता है कि केदार यादव पिछले विधानसभा चुनाव में बरही विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं। फिलहाल उनके कांग्रेस से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, फायरिंग की घटना में उनकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले हजारीबाग के एके इंटरनेशनल होटल पर भी इसी तरह फायरिंग हुई थी। उस घटना की जिम्मेदारी भी इसी गैंग ने लेने का दावा किया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से कारोबारियों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर ने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से मिले पर्चे को जांच के लिए जब्त किया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।


