Deoghar News: झारखंड के देवघर में अपराधियों ने दुस्साहसिक तरीके से भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का पूरा एटीएम ही उखाड़ लिया और उसे कार में लादकर फरार हो गए। घटना नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ स्थित सेवाधाम के समीप मंगलवार तड़के की है। अपराधियों ने पहले गैस कटर से एटीएम मशीन को काटकर अलग किया और फिर रस्सी से बांधकर करीब 500 मीटर तक सड़क पर घसीटा। इसके बाद मशीन को कार में लादकर फरार हो गए।
पूरी वारदात पास के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में करीब सात युवक घटना को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। सभी ने गमछे और टोपी से अपना चेहरा ढक रखा था। एक फुटेज में कई बदमाश मिलकर भारी एटीएम मशीन को कार में लादते दिखाई दे रहे हैं।

बताया गया कि एटीएम का अलार्म बजने के बाद एसबीआई के पटना स्थित कंट्रोलिंग कार्यालय को घटना की जानकारी मिली। बैंक की ओर से तत्काल देवघर पुलिस को सूचना दी गई। अलर्ट मिलते ही नगर थाना की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, बदमाशों ने सबसे पहले एटीएम बूथ का शटर तोड़ा। इसके बाद गैस कटर की मदद से मशीन को उसके बेस से अलग किया। मशीन का वजन अधिक होने के कारण उसे सीधे वाहन तक ले जाना संभव नहीं था। इसके बाद अपराधियों ने रस्सी के सहारे मशीन को सड़क पर घसीटा। घटनास्थल से करीब 500 मीटर तक मशीन घसीटे जाने के निशान भी मिले हैं।
पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है, ताकि अपराधियों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।घटना के बाद एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, एटीएम पर तैनात सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी रात 10 बजे तक थी। इसके बाद वह शटर गिराकर चला जाता था। आशंका है कि अपराधियों ने इसी का फायदा उठाया।
एटीएम में घटना के समय कितनी नकदी मौजूद थी, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बैंक अधिकारियों और कैश प्रबंधन एजेंसी से जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मशीन में लाखों रुपये होने की आशंका जताई जा रही है।
देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पुलिस को मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


