Patna News: पटना जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के बेहरावां गांव में मंगलवार को पुलिस की छापेमारी के दौरान अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए करीब 50 से 60 लोगों ने पुनपुन नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान नदी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव, दहशत और मातम का माहौल है।
बताया जा रहा है कि पुलिस की टीम ने मंगलवार को अचानक बेहरावां गांव में छापेमारी शुरू की। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के मुताबिक, कार्रवाई शुरू होते ही कई लोग इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग पुनपुन नदी की ओर पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नदी में छलांग लगा दी।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों की ओर से पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके गए। इसके जवाब में पुलिस की ओर से भी नदी की तरफ ईंट-पत्थर फेंके जाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
नदी में कूदे लोग तैरकर दूसरे किनारे जाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान नदी के आसपास काफी अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। कुछ लोग किसी तरह तैरकर सुरक्षित दूसरे किनारे पहुंच गए, लेकिन दो लोग नदी से बाहर नहीं निकल सके।
हादसे में फुलवारी शरीफ के ढिबरा निवासी आकाश मांझी और करीब 60 वर्षीय राम मांझी की डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि आकाश मांझी अपनी नानी के घर बेहरावां आया हुआ था। पुलिस कार्रवाई के दौरान मची भगदड़ के बीच वह भी नदी में कूद गया था।
दो लोगों की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है। ग्रामीणों के अनुसार, कार्रवाई के बाद कई लोग गांव छोड़कर चले गए हैं और बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी चर्चा है।
फिलहाल पुलिस की छापेमारी किस मामले में की गई थी, कितने लोगों को हिरासत में लिया गया और नदी में कूदने की परिस्थितियां क्या थीं, इसकी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। ग्रामीणों द्वारा लगाए गए ईंट-पत्थरबाजी और पुलिस की ओर से नदी में पत्थर फेंके जाने के आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


