Jamshedpur News: गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में 24 सितंबर को हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने मामले में फरार तीन आरोपितों की नई और स्पष्ट तस्वीरें जारी की हैं। इनकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति को प्रत्येक आरोपित पर दो लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। तीनों के लिए कुल छह लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को हथियारबंद अपराधियों ने गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में धावा बोला था। अपराधियों ने बैंककर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बनाया और कुछ ही मिनटों में करीब 23 किलोग्राम सोना तथा 43 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक लूटे गए सोने की अनुमानित कीमत करीब 33 करोड़ रुपये है।

घटना के बाद से जमशेदपुर पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। पुलिस की टीमें बिहार और पश्चिम बंगाल समेत विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जांच में बिहार के पटना और समस्तीपुर तथा पश्चिम बंगाल के रानीगंज से जुड़े अपराधियों की भूमिका सामने आने की बात कही गई है।
पुलिस ने जिन तीन फरार आरोपितों की पहचान की है, उनमें समस्तीपुर जिले के चैता निवासी प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार, पटना के गोसाईं गांव निवासी अक्षय कुमार उर्फ साका और पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी अमन सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इनकी तस्वीरें सार्वजनिक करते हुए आम लोगों से पहचान और संभावित ठिकाने के संबंध में सूचना देने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद तीनों लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं। ऐसे में उनकी तस्वीरें जारी कर पुलिस आम लोगों से भी सहयोग ले रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों के संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए।
जांच के दौरान पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा ले रही है। आरोपितों के संपर्क, आवाजाही और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा डकैती में शामिल अन्य फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।
मामले में गोलमुरी थाना में कांड संख्या 103/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी बीएनएस की धारा 310(2), 311 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत दर्ज की गई है।
जमशेदपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जारी तस्वीरों में दिखने वाले आरोपितों के संबंध में किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है। तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर प्रति आरोपित दो लाख रुपये, यानी कुल छह लाख रुपये तक का इनाम दिया जाएगा।


