Begusarai News: महिला को होटल के कमरे में ले जाकर कथित तौर पर हथियार के बल पर दु/ष्कर्म, मारपीट और आपत्तिजनक वीडियो बनाने के मामले में बेगूसराय पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रोहित कुमार सहनी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद बेगूसराय लाने के दौरान आरोपी ने पुलिस वाहन से कूदकर भागने की कोशिश की, जिसमें उसके दाहिने पैर के घुटने में चोट लग गई।
पुलिस के मुताबिक, मामले में पहले विक्रम कुमार सहनी को बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। उससे पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी रोहित की तलाश में जुटी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ समेत पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए काम कर रही थीं। तकनीकी सर्विलांस के जरिए भी उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रोहित कुमार सहनी समस्तीपुर के मोहद्दीनगर बाजार में मौजूद है और वहां से निकलने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम ने मोहद्दीनगर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को बेगूसराय ला रही थी। पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर के पास आरोपी ने पेशाब करने के लिए वाहन रोकने को कहा। वाहन की गति धीमी होते ही उसने अचानक गाड़ी से छलांग लगाकर भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दोबारा पकड़ लिया। इस दौरान गिरने से उसके पैर में गंभीर चोट आई।आरोपी को पहले बछवाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद उसे बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
बेगूसराय एसपी मनीष ने बताया कि महिला से संबंधित वायरल वीडियो मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी रोहित को समस्तीपुर के मोहद्दीनगर से पकड़ा गया है। इलाज पूरा होने के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस वायरल वीडियो से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी गिरफ्तारी के बाद कहां जाने की तैयारी में था और उसके साथ इस मामले में और कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रोहित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले की आगे की जांच जारी है।
इस खबर को भी पढ़ें : नेपाल की बारिश से उत्तर बिहार में बाढ़ का खतरा,गंडक-कोसी समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर, तटबंध टूटने से कई गांवों में फैला बाढ़ का पानी


