Hazaribagh News: चौपारण थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलरी दुकान संचालक के घर धावा बोलकर करीब 15 लाख रुपये की नकदी और जेवरात लूट लिए। पांच नकाबपोश अपराधियों ने परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बनाया और करीब एक से डेढ़ घंटे तक घर में लूटपाट करने के बाद फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना जीटी रोड स्थित सिंघरावां मोड़ से करीब 200 मीटर दूर लराही रोड की बताई जा रही है। पीड़ित ज्वेलरी दुकान संचालक राजेश कुमार के अनुसार, रात करीब एक बजे पांच अपराधी घर के पीछे रखी सीढ़ी के सहारे पिछले दरवाजे से घर में घुसे। उस समय परिवार के सदस्य सो रहे थे।अपराधियों ने सबसे पहले छत के ऊपर कमरे में सो रहे राजेश कुमार के बेटे निखिल की कनपटी पर पिस्टल रख दी। इसके बाद उसे अपने माता-पिता को जगाने के लिए कहा गया। परिवार के सभी सदस्यों के जागने के बाद अपराधियों ने उन्हें एक हॉल में इकट्ठा किया और हाथ-पैर बांध दिए।
बताया गया कि अपराधियों ने तिजोरी की चाबी मांगी। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद अपराधियों ने घर के साथ-साथ सामने स्थित ज्वेलरी दुकान में रखे लॉकर और अलमारी खुलवाए। वहां से नकदी और सोने-चांदी के जेवरात निकाल लिए। लूटपाट के दौरान अपराधियों ने परिवार के सदस्यों के गले में पहने जेवरात भी उतरवा लिए। करीब डेढ़ घंटे तक घर में रहने के बाद अपराधियों ने सभी सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया और वहां से फरार हो गए।
परिवार के अनुसार, सभी अपराधियों ने चेहरे पर नकाब लगा रखा था। उनके पास पिस्टल और चाकू भी थे। अपराधी घर से परिवार के दो मोबाइल फोन भी ले गए। बाद में एक मोबाइल फोन कुछ दूरी पर फेंका हुआ मिला, जबकि दूसरे मोबाइल को गुरपा-गझंडी क्षेत्र में ले जाकर बंद कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद चौपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। बरही सीडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। उनके साथ चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार भी मौजूद थे।
पुलिस ने अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले सुराग और मोबाइल फोन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।


