Jamshedpur News: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल परिसर में शनिवार को दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे कुछ लोगों का युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोप है कि तीन-चार युवकों ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। घटना में चार लोग घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
घायलों की पहचान डोमिनिक सैमसन, एमडी रिजवान, एमडी दिलशाद और कृष्ण चौधरी के रूप में हुई है। बताया गया कि डोमिनिक सैमसन आदित्यपुर, एमडी रिजवान आजादनगर और एमडी दिलशाद कपाली क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद अस्पताल में भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डोमिनिक सैमसन, एमडी रिजवान और एमडी दिलशाद रेस्टोरेंट में मौजूद थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इसके बाद युवकों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही मॉल परिसर में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना में करीब 12 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस के अलावा वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी एहतेशाम वकारिब, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, सिटी एसपी ललित मीणा और डीएसपी मनोज ठाकुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में कोल्हान रेंज के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने बिंदल मॉल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है।
घायलों के आपराधिक इतिहास और घटना के पीछे के कारणों को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस ने अभी किसी विशेष वजह या आपराधिक पृष्ठभूमि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि घायलों के बयान और जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर फायरिंग की वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट होगी।
दिनदहाड़े हुई फायरिंग के बाद मरीन ड्राइव और बिंदल मॉल इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।


