Nalanda News: हरनौत थाना क्षेत्र के पोआरी गांव में गुरुवार को नया गैस सिलेंडर शुरू करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रसोई में गैस लीक होने के बाद आग लग गई और कुछ ही देर बाद तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। हादसे में एक महिला, उसके तीन बच्चे और दो पड़ोसी झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान मनोहर सिंह की बहू प्रियंका देवी, उनके तीन बच्चों, पड़ोसी पप्पू कुमार और मिस्त्री ननकू के रूप में हुई है। गंभीर रूप से झुलसे पप्पू कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ रेफर किया गया। वहां से भी चिकित्सकों ने उन्हें निजी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर गए हैं, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। वहीं अन्य पांच घायलों का इलाज कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल में चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, मनोहर सिंह के बड़े बेटे धीरज कुमार का परिवार मकान के ग्राउंड फ्लोर पर अलग रहता है। गुरुवार को ही उनके घर नया गैस सिलेंडर आया था। परिवार में नए सिलेंडर के शुभारंभ के लिए प्रियंका देवी खीर बनाना चाहती थीं। उन्होंने सिलेंडर को चूल्हे से जोड़ा और इसके बाद किसी काम से रसोई से बाहर चली गईं।
बताया गया कि इसी दौरान सिलेंडर से गैस लीक होकर रसोई में फैलती रही। कुछ देर बाद प्रियंका दूध का बर्तन चढ़ाने के लिए रसोई में पहुंचीं। उन्होंने जैसे ही माचिस जलाई, पहले से जमा गैस ने आग पकड़ ली। आग लगते ही प्रियंका चीखते हुए रसोई से बाहर निकल आईं।
शोर सुनकर पड़ोसी पप्पू कुमार और पास में काम कर रहे मिस्त्री ननकू मदद के लिए दौड़े। दोनों जैसे ही रसोई के पास पहुंचे, उसी दौरान तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि रसोई के दरवाजे के परखच्चे उड़ गए और दीवार में भी दरार आ गई।
हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।


