Muzaffarpur News: अहियापुर थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी रोड नंबर-6 में शुक्रवार सुबह किराए के कमरे में एक मजदूर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मीनापुर थाना क्षेत्र निवासी 33 वर्षीय उपेंद्र पासवान के रूप में हुई है। उसका शव कमरे के फर्श पर खून से लथपथ हालत में मिला। दोनों आंखें भी क्षतिग्रस्त पाई गईं। घटना के बाद से मृतक की पत्नी और दोनों बच्चे भी घर पर नहीं मिले हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि उपेंद्र पासवान चाणक्यपुरी रोड नंबर-6 में किराए के कमरे में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार सुबह दूध पहुंचाने वाला व्यक्ति कमरे पर आया और काफी देर तक दरवाजा खटखटाता रहा। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर लोगों को संदेह हुआ।
इसके बाद किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला गया तो अंदर फर्श पर उपेंद्र का शव पड़ा मिला। कमरे में खून बिखरा हुआ था। शव की स्थिति देखकर लोगों ने तत्काल मकान मालिक को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ टाउन-2 कार्तिकेय वाईएन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली।
घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कमरे से विभिन्न साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
इधर, उपेंद्र की मौत के बाद उसकी पत्नी और दोनों बच्चों के भी घर से गायब मिलने के कारण पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे घटना के बाद कहां गए और उन्हें उपेंद्र की मौत के संबंध में क्या जानकारी है।
अहियापुर थानाध्यक्ष शरत कुमार ने बताया कि एफएसएल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही उपेंद्र की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों को जोड़कर मामले की जांच कर रही है।


