Bhagalpur News: गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच भागलपुर जिले में बाढ़ का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को बाईपास थाना क्षेत्र के कोयली खुटहा गांव में बाढ़ के गहरे पानी में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के अनुसार, पीड़ित परिवार के सदस्य खेत की ओर जा रहे थे। बाढ़ के कारण रास्ता पूरी तरह पानी में डूबा हुआ था। इसी दौरान परिवार का एक सदस्य अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए परिवार के अन्य लोग भी पानी में उतर गए। एक-दूसरे का हाथ पकड़कर बचाने की कोशिश के दौरान सभी गहरे पानी की चपेट में आ गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को पानी से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान मंचों देवी, सोनाक्षी कुमारी, प्रिंस कुमार, अभिषेक कुमार और अंशु प्रिया के रूप में हुई है। हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एक साथ पांच शव अस्पताल पहुंचने के बाद वहां परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। सूचना मिलने पर बाईपास थाना की पुलिस मायागंज अस्पताल पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पंचायत के मुखिया और थानाध्यक्ष ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। हादसे को लेकर ग्रामीणों में गहरा दुख और आक्रोश है।
ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के पानी में सड़क, गड्ढे और नालों का अंतर पता नहीं चल रहा है। कई स्थानों पर पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से जलजमाव वाले संवेदनशील स्थानों पर तत्काल बैरिकेडिंग कराने, सुरक्षाकर्मियों की तैनाती करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।


