Garhwa News: जिले के रंका थाना क्षेत्र में करीब तीन महीने पहले सड़क हादसे में हुई श्रीकांत रवि की मौत का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि श्रीकांत की मौत सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। आरोप है कि उसकी पत्नी मनीषा देवी ने अपने प्रेमी मो. हसन के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में मनीषा देवी, उसके प्रेमी मो. हसन और पिकअप चालक परवेज अंसारी उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया है।
एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने शनिवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 5 जून को मनीषा देवी ने अपने पति श्रीकांत को मायके आने के लिए बुलाया था। श्रीकांत बाइक से मायके के लिए निकला। इसी दौरान बरवाही के सुनसान जंगल के पास साजिश के तहत पीछे से आ रही पिकअप ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में श्रीकांत की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इसे अज्ञात वाहन से हुई दुर्घटना बताकर मामला दर्ज कराया गया था।
हालांकि, मृतक की मां शांति देवी को घटना की परिस्थितियों पर संदेह था। उन्होंने पुलिस को आवेदन देकर मामले की जांच की मांग की। इसके बाद पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग पहलुओं से जांच शुरू की। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ रंका रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक, उसकी पत्नी मनीषा देवी और संदिग्ध मो. हसन के मोबाइल फोन का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और टावर लोकेशन खंगाला। पुलिस के अनुसार, घटना के समय तीनों के बीच बातचीत होने तथा घटनास्थल के आसपास उनकी मौजूदगी से जुड़े अहम सुराग मिले।
जांच में रामानुजगंज चेकनाका के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगे। इसमें मो. हसन की अर्टिगा कार दिखाई दी। इसके आधार पर पुलिस ने 28 अगस्त को भंडरिया मोड़, गोदरमाना के पास से मो. हसन को अर्टिगा कार सहित हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा होने का दावा किया।
पुलिस के मुताबिक, श्रीकांत की हत्या के लिए एक लाख रुपये में सौदा तय किया गया था। इसमें पिकअप चालक परवेज अंसारी को कथित तौर पर 50 हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान किए गए थे। पुलिस ने मामले में अर्टिगा कार, पिकअप वाहन, दो मोबाइल फोन और ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट के प्रिंट जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


