Palamu News: हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा टोला स्थित बेलघाटी पुल के समीप शनिवार को पिकनिक मनाने पहुंचे तीन युवकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। बटाने नदी में नहाने और वीडियो बनाने के दौरान तीनों युवक गहरे पानी और तेज धार की चपेट में आ गए। हादसे में स्थानीय लोगों ने एक युवक को किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया, जबकि उसके दो साथी अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के प्रयास से राजेंद्र साव (40) को नदी से बाहर निकाला गया। उस समय वह बेहोशी की हालत में था। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), हरिहरगंज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
घटना में लापता हुए दोनों युवकों की पहचान रितिक और टेनी के रूप में बताई जा रही है। उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति के अनुसार, तीनों युवक औरंगाबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और नदी में लापता युवकों की तलाश शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों युवक नदी में उतरकर मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान वे नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए। तेज बहाव के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते तीनों युवक पानी में बहने लगे। बताया गया कि किनारे मौजूद लोगों ने उन्हें गहरे पानी में जाने से रोकने की कोशिश भी की थी, लेकिन युवकों ने कथित तौर पर चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि युवक नशे की हालत में थे। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने काफी देर तक नदी में लापता दोनों युवकों की तलाश की, लेकिन तेज धार और पानी की अधिक गहराई के कारण उनका पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलने के बाद एसआई अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और प्रत्यक्षदर्शियों तथा स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। लापता दोनों युवकों की तलाश के लिए प्रयास जारी है।


