देवघर, 23 अगस्त (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला अब अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है, लेकिन बाबाधाम में आस्था और भक्ति का उत्साह चरम पर है। सावन की अंतिम सोमवारी को बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने के लिए रविवार देर शाम से ही देवघर में कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने लगी। इस बार सावन में चार सोमवार होने के कारण हर सोमवारी पर बाबाधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। अब अंतिम सोमवारी को लेकर बड़ी संख्या में कांवड़िए देवघर पहुंच चुके हैं।
रविवार देर रात तक शहर के विभिन्न हिस्सों के अलावा बीएड कॉलेज परिसर में भी बड़ी संख्या में कांवड़िए ठहरे नजर आए। सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर पैदल देवघर पहुंच रहे शिवभक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। थकान और गर्मी के बावजूद श्रद्धालु लगातार बाबा बैद्यनाथ के दरबार की ओर बढ़ते रहे।
अंतिम सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट रहा। रविवार देर रात जिले के वरीय अधिकारियों ने कांवरिया रूट का निरीक्षण किया और भीड़ की स्थिति के अनुसार व्यवस्थाओं को मजबूत किया। सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया।
इससे पहले श्रावणी मेले के 25वें दिन रविवार तड़के बाबा बैद्यनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही कतार में खड़े कांवड़ियों ने बाबा बैद्यनाथ पर गंगाजल अर्पित कर पूजा-अर्चना शुरू कर दी। जलार्पण का सिलसिला लगातार जारी रहा और पूरा मंदिर परिसर ‘बोल बम’ तथा ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।
भोर होते-होते रूट लाइन गेरुआ वस्त्रधारी कांवड़ियों से भर गई। श्रद्धालुओं के जयघोष से बाबाधाम और मेला क्षेत्र पूरी तरह शिवमय नजर आया। प्रशासन की ओर से रूट लाइन में पेयजल, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता और सुरक्षा समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं की निगरानी की जा रही है।
हालांकि, पिछले दो दिनों से बारिश नहीं होने के कारण कांवड़ियों को तेज धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर गर्मी के कारण श्रद्धालु कुछ देर रुककर आगे बढ़ते दिखे, लेकिन बाबा के प्रति उनकी आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
अंतिम सोमवारी के बाद कांवड़ियों की भीड़ में कमी आने की संभावना है। हालांकि, भादो महीने में स्पर्श पूजा शुरू होने की चर्चा के बीच बाबाधाम में एक बार फिर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। इसे देखते हुए प्रशासन आगामी दिनों के लिए भी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखेगा।


