पटना।
बिहार पुलिस मुख्यालय के एक आदेश को लेकर राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को तानाशाह बताते हुए उन्हें हिटलर और मुसोलिनी की संज्ञा दी है। तेजस्वी ने यह ट्वीट बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेश,जिसमें कहा गया है कि हिंसक प्रदर्शन करने वालों को सरकारी नौकरियों व सरकारी ठेके नहीं दिए जाएंगे।
राजद नेता ने ताजा ट्वीट में लिखा है कि नीतीश कुमार ने सत्ता व्यवस्था के विरुद्ध धरना प्रदर्शन कर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने वाले लोगों को नौकरी नहीं देंगे। मतलब यह है कि वे अपने खिलाफ विरोध भी प्रकट नहीं करने देंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बेचारे 40 सीट के मुख्यमंत्री कितने डर रहे हैं? पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि हिंसक प्रदर्शन व सड़क जाम में लिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस आरोप पत्र दाखिल करती है, तो इसकी स्पष्ट प्रविष्टि उसके चरित्र प्रमाण पत्र में की जाएगी। माना जा रहा है कि तेजस्वी ने रोजगार के मुद्दे पर घेरने को लेकर यह ट्वीट किया है।


