Rohtas News: बिहार के रोहतास जिले में शादी के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। डालमियानगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फर्जी शादी कराने के आरोप में दुल्हन, उसकी बहन, मां और एक बिचौलिये को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात सूचना मिली कि मध्य प्रदेश से आए एक युवक की शादी कराने के नाम पर उससे बड़ी रकम वसूलने के बाद दुल्हन अपने साथियों के साथ फरार होने की तैयारी में है। बताया गया कि विवाह की रस्में पूरी होने के कुछ ही देर बाद दुल्हन और उसके सहयोगी डेहरी रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन से भागने की कोशिश कर रहे थे। इस बीच पीड़ित पक्ष को शक हुआ और उन्होंने उनका पीछा करते हुए पुलिस को सूचना दे दी।
एसपी रौशन कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-1) सत्यकाम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने डेहरी रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर दुल्हन, उसकी बहन, मां और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पूरे ठगी गिरोह की कार्यप्रणाली सामने आई।
मध्य प्रदेश के रतलाम निवासी कारूलाल कलार ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे की शादी कराने के लिए बिचौलियों ने 2.50 लाख रुपये की मांग की थी। सौदे के तहत 1.40 लाख रुपये पहले ही दिए जा चुके थे। शादी संपन्न होने के बाद जब दुल्हन अचानक फरार होने लगी तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के रतलाम निवासी राजू राठौर, रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के महरौत गांव निवासी रूबी उर्फ अनीषा कुमारी, उसकी बहन अनीता कुमारी तथा औरंगाबाद जिले के बारूण बाजार निवासी गीता देवी के रूप में हुई है।
पीड़ित की शिकायत पर डालमियानगर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि यह मामला शादी के नाम पर सुनियोजित ठगी का प्रतीत होता है। फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। मामले की जानकारी एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी गई, जहां डालमियानगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन, पुअनि दिवाकर कुमार, रुपम कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।


