Jharkhand News: झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। लातेहार पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के रीजनल कमेटी सदस्य तथा 20 लाख रुपये के इनामी माओवादी रविंद्र गंझू को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक एके-56 राइफल, एक पिस्टल, एक अन्य राइफल, 239 जिंदा कारतूस तथा बड़ी मात्रा में नक्सली साहित्य और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
मंगलवार को लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा रविंद्र गंझू अपने पैतृक गांव हेसला बांझीटोला (चंदवा थाना क्षेत्र) आया हुआ है। सूचना मिलते ही कोबरा-209 बटालियन के उप कमांडेंट दीपक कुमार के नेतृत्व में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सुनियोजित तरीके से गांव की घेराबंदी कर छापेमारी की और बिना किसी मुठभेड़ या नुकसान के रविंद्र गंझू को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि रविंद्र गंझू पिछले 16 वर्षों से माओवादी संगठन में सक्रिय था और संगठन के प्रमुख नेताओं में उसकी गिनती होती थी। उस पर 18 पुलिसकर्मियों की हत्या सहित नक्सली हिंसा, आईईडी विस्फोट, हथियार लूट, रेलवे ट्रैक उड़ाने और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप हैं। लातेहार, पलामू, लोहरदगा, गुमला और रांची समेत विभिन्न जिलों के थानों में उसके खिलाफ 154 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान रविंद्र गंझू ने संगठन की गतिविधियों, हथियारों के नेटवर्क और अन्य सक्रिय माओवादियों से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी हैं। इन सूचनाओं के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है और संगठन के शेष सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।
एसपी कुमार गौरव ने कहा कि लगातार चलाए जा रहे अभियान के कारण झारखंड में माओवादी संगठन काफी कमजोर हो चुका है। उन्होंने जंगलों में छिपे उग्रवादियों से हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण करने और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की। वहीं, सीआरपीएफ के डीआईजी पंकज कुमार ने कहा कि सुरक्षा बलों का अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक क्षेत्र पूरी तरह नक्सल मुक्त नहीं हो जाता। उन्होंने स्पष्ट किया कि आत्मसमर्पण करने वालों का स्वागत किया जाएगा, लेकिन हिंसा का रास्ता अपनाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


