Araria News: जिले के भरगामा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिला मजदूरों की जान चली गई, जबकि एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए। हादसा सिरसिया हनुमानगंज वार्ड संख्या-14 के समीप उस समय हुआ, जब धान की रोपनी के लिए खेत जा रही महिला मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो जाने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार सभी मजदूर ट्रैक्टर के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकाला और एंबुलेंस व अन्य वाहनों की मदद से भरगामा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
हादसे में दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य महिला ने इलाज के दौरान भरगामा पीएचसी में दम तोड़ दिया। घायलों में छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज भरगामा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अररिया सदर अस्पताल में जारी है।
मृतकों की पहचान सिरसियाकला वार्ड संख्या-4 निवासी मीरा देवी (पत्नी बबलू मंडल), नैया देवी (पत्नी कारी मंडल) तथा रंजू देवी (पत्नी किशोर मंडल) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी महिला मजदूर रोजी-रोटी कमाने के लिए धान की रोपनी करने खेत जा रही थीं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर प्रसाद, भरगामा थानाध्यक्ष और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ ने तीन महिला मजदूरों की मौत और एक दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। प्रशासन की ओर से घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराई जा रही है, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रैक्टर की तकनीकी खराबी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कहीं इस हादसे का कारण तो नहीं बनी।


