Ayodhya News: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान से जुड़े कथित अनियमितता और चोरी के मामले की जांच के बीच शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। दोनों ने अपने त्यागपत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को सौंप दिए। बताया जा रहा है कि जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
श्रीराम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने दोनों के इस्तीफे की पुष्टि की। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, एसआईटी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर गुरुवार को आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। जांच एजेंसियां मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं।
गौरतलब है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं और चोरी की शिकायतें सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। एसआईटी ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट शासन को सौंप दी है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
सूत्रों के अनुसार, जांच पूरी होने तक पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए ट्रस्ट के दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नैतिक आधार पर अपने पद छोड़ने का फैसला किया। हालांकि, जांच एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और अंतिम निष्कर्ष साक्ष्यों के आधार पर ही निकाला जाएगा।
फिलहाल एसआईटी की जांच जारी है। आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटनाक्रम ने देशभर के श्रद्धालुओं और राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा को जन्म दे दिया है।
अयोध्या राम मंदिर दान पात्र मामले के सभी 8 आरोपित जेल भेजे गए
राम नगरी अयाेध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दान – चढ़ावा में गड़बड़ी करने के मामले में गिरफ्तार 8 आरोपिताें काे शुक्रवार काे दोपहर बाद स्पेशल रिमांड मजिस्ट्रेट निवेदिता सिंह की कोर्ट में पेश किया गया। जहां सभी आराेपिताें को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। शुक्रवार काे मोहर्रम की अवकाश के चलते स्पेशल रिमांड मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेशी हुई है। अब इन सभी आराेपिताें की सोमवार को फिर पेशी होगी और पुलिस कस्टडी डिमांड लेने का प्रयास करेगी।
उल्लेखनीय है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन की गुरुवार को लिखित शिकायत पर श्रीराम जन्मभूमि थाने में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पाण्डेय, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव, राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू को नामजद तथा अन्य अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया है। आरोपिताें के खिलाफ धारा 305, 306, 316(5), 317(4), 317(5), 61, 3(5) बीएनएस व 13(1)(a) पीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।—-


