Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया चौराहे के पास स्थित एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में भवन की ऊपरी मंजिल पर संचालित कोचिंग सेंटर भी आ गया, जिससे करीब 15 छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय इमारत की निचली मंजिल पर स्थित एक दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊपर चल रहे कोचिंग सेंटर तक पहुंच गई। आग लगने के बाद पूरे भवन में धुआं भर गया, जिससे वहां मौजूद छात्रों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई छात्र अपनी जान बचाने के लिए इमारत की ऊपरी मंजिलों से नीचे कूद गए। इस दौरान कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही अलीगंज और मड़ियांव थाना पुलिस के साथ दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कोचिंग सेंटर के अंदर अत्यधिक धुआं भर जाने के कारण बचाव दल को दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कई बच्चों को बाहर निकाला गया है और अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना कार्यक्रम बीच में छोड़ दिया। अलीगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने घटना पर शोक व्यक्त किया और कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पहुंचकर विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।


