Ramgarh News: जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में हुए अमन दुबे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक अधेड़ प्रेमी युगल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अवैध संबंध और उससे उपजे विवाद के कारण 28 वर्षीय अमन दुबे की पिटाई की गई थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने जसवंत प्रजापति (50) और सुमन देवी (47) को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, अमन दुबे की मौत के बाद उसकी मां किरण देवी ने कुजू ओपी में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने जसवंत प्रजापति और सुमन देवी पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो घटनाक्रम के पीछे प्रेम त्रिकोण और अवैध संबंधों की कहानी सामने आई।
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की। इसमें पता चला कि सुमन देवी के साथ अमन दुबे के भी संबंध थे। वहीं सुमन देवी लंबे समय से जसवंत प्रजापति के साथ रह रही थी। अमन को दोनों का साथ रहना पसंद नहीं था और वह इसका लगातार विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया।
मृतक की मां किरण देवी ने पुलिस को बताया कि 12 जून को अमन दुबे को फोन कर बुलाया गया था। वह जसवंत और सुमन के घर गया था। वहां से लौटने के बाद उसकी हालत बेहद खराब थी। अमन ने घरवालों को बताया था कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
पूछताछ के दौरान सुमन देवी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी पहले राजदेव विश्वकर्मा से हुई थी, लेकिन वैवाहिक जीवन से असंतुष्ट होने के कारण वह पति को छोड़कर जसवंत प्रजापति के साथ रहने लगी थी। दोनों ने रजरप्पा मंदिर में विवाह किया था और पिछले 19 वर्षों से साथ रह रहे थे। हालांकि जसवंत की पहली पत्नी और बच्चे अलग घर में रहते हैं।
कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि जांच में जसवंत प्रजापति और अमन दुबे के बीच मारपीट की पुष्टि हुई है। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिला है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि मारपीट के दौरान अमन को छाती में गंभीर अंदरूनी चोट लगी थी। घर लौटने के बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई और अचेत अवस्था में उसकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।


