Siwan News: जिले में एक प्रेम कहानी का अनोखा और सुखद अंत देखने को मिला। भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के उत्तरी साघर सुल्तानपुर पंचायत अंतर्गत महाना गांव में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को परिजनों ने पकड़ लिया। हालांकि मामला विवाद या पुलिस कार्रवाई तक नहीं पहुंचा, बल्कि दोनों परिवारों, ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों की पहल से प्रेमी युगल का विवाह संपन्न करा दिया गया।
जानकारी के अनुसार मछगरा गांव निवासी महंथ प्रसाद के पुत्र निरंजन कुमार का महाना गांव की रहने वाली पुष्पा कुमारी के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे और शादी करना चाहते थे। शनिवार की देर रात निरंजन अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान परिजनों को इसकी जानकारी मिल गई और युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
घटना की खबर गांव में तेजी से फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मामले को लेकर पंचायत स्तर पर बातचीत शुरू हुई। पंचायत के सरपंच प्रभुनाथ राय, जिला पार्षद प्रतिनिधि ममेन्द्र यादव, पैक्स अध्यक्ष राजू राय सहित कई सामाजिक और गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की।
पूछताछ के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और दोनों स्वेच्छा से एक-दूसरे से विवाह करना चाहते थे। इसके बाद पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दोनों परिवारों को आपसी सहमति से विवाह कराने की सलाह दी। दोनों पक्षों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया।
रविवार को गांव में ही सादगीपूर्ण माहौल में दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। विवाह समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य, ग्रामीण तथा पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
ग्रामीणों का कहना है कि आपसी समझ, सामाजिक पहल और परिवारों की सहमति से एक प्रेम संबंध को सम्मानजनक मंजिल मिली है। इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है और लोग इसे प्रेम और सामाजिक समन्वय का सकारात्मक उदाहरण बता रहे हैं।
वहीं, इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से स्थानीय थाना में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पंचायत और परिवारों की सहमति से विवाद का शांतिपूर्ण समाधान होने के कारण यह शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।


