Nawada News: जिले में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मोहल्ले के रहने वाले 16 वर्षीय किशोर प्रिंस Kumar की उसके ही दोस्तों ने अपहरण कर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सकरी नदी किनारे गाड़ दिया गया था। घटना के नौ दिन बाद पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। इस घटना से इलाके में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, प्रिंस कुमार 13 मई की शाम अपने घर से दोस्तों के बुलाने पर निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने 14 मई को नगर थाने में गुमशुदगी और अपहरण का मामला दर्ज कराया। परिवार वालों ने कुछ युवकों पर संदेह भी जताया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। नवादा सदर एसडीपीओ हुलास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने कबूल किया है कि टोटो चलाने को लेकर प्रिंस और उसके दोस्तों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के कारण तीन दोस्तों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।
आरोपियों ने पहले प्रिंस को अपने साथ ले जाकर शराब पिलाई। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को कादिरगंज के निकट घोस्तानवां गांव स्थित सकरी नदी किनारे गाड़ दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शुक्रवार को नदी से शव बरामद कर लिया।
शव मिलने की खबर के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने नवादा सदर अस्पताल के सामने सड़क जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस समय रहते सक्रिय होती तो प्रिंस की जान बचाई जा सकती थी।
परिवार वालों ने दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने हत्यारों को फांसी देने की मांग भी उठाई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया।
एसडीपीओ हुलास कुमार ने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
इस खबर को भी पढ़ें : रोहतास में भ्रष्टाचार पर वार, निगरानी की टीम ने तीन लाख घूस लेते अंचलाधिकारी को किया गिरफ्तार


