Siwan News: बिहार के Siwan जिले से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है। दरौली थाना क्षेत्र के चकरी गांव में सोमवार देर रात शराब तस्करों और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में एक सब इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। इतना ही नहीं, हमलावर पुलिस हिरासत से एक आरोपित को छुड़ाकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार दरौली थाना पुलिस को चकरी गांव में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष विवेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची और छापेमारी अभियान शुरू किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की और मौके से एक तस्कर को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि जब पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपित को लेकर गांव के बाहर खड़ी गाड़ी की तरफ बढ़ रही थी, तभी अचानक दर्जनों महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को घेरकर खड़े हो गए। देखते ही देखते लोगों ने लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। हमले में एक दारोगा सहित दो सिपाही घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसी दौरान हमलावरों ने पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी को छुड़ा लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह ग्रामीण और शराब माफिया पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीट रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और क्षेत्र में शराब तस्करों के बढ़ते मनोबल को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।
थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और आरोपित को छुड़ाने के मामले में कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। वीडियो फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि शराब माफियाओं के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे इलाके में कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और इलाके में अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने की मांग की है।
इस खबर को भी पढ़ें : पति ने पत्नी और तीन बच्चों की ली जान , घरेलू विवाद में पति बना हैवान


