Patna News: बिहार की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी ने गुरुवार को समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया।
नामांकन दाखिल करने के बाद अभिषेक कुमार सिन्हा ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें जनता का आशीर्वाद मिलता है तो वे पूर्ण समर्पण, ईमानदारी और निष्ठा के साथ क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता की सेवा करेंगे तथा सभी के मान-सम्मान की रक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाए रखेंगे।
नामांकन से पहले अभिषेक कुमार ने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने पटना के कृष्णानगर (मंदिरी) स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर तथा सिद्धिदात्री ज्वाला मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर चुनावी अभियान की शुरुआत की। धार्मिक अनुष्ठान के बाद वे समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
इस अवसर पर भाजपा और एनडीए के कई प्रमुख नेता उनके साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, हम (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी सहित एनडीए के विभिन्न घटक दलों के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
नामांकन के दौरान नेताओं ने भाजपा उम्मीदवार की जीत का दावा करते हुए कहा कि एनडीए पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में है। वहीं, अभिषेक कुमार ने क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और जनता के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प दोहराया।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। सभी प्रमुख दल अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। ऐसे में इस सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।


