Bihar News: नवादा जिले में बालू माफियाओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला नारदीगंज थाना क्षेत्र के मधुबन गांव से सामने आया है, जहां अवैध बालू खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। गुरुवार की अहले सुबह हुई इस घटना में एक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मधुबन गांव के पास नदी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही नारदीगंज थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बालू माफियाओं ने ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान आरोप है कि माफियाओं ने जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर पुलिस अधिकारी जमादार नागेंद्र कुमार पर चढ़ा दिया।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से नागेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
नारदीगंज थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में छह बालू माफियाओं को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनकी निशानदेही पर अवैध बालू कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नवादा जिले में बालू और शराब माफियाओं का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। अवैध कारोबार से जुड़े कई लोग करोड़ों रुपये की संपत्ति बना चुके हैं, जिसके कारण इलाके में उनका दबदबा कायम हो गया है। लोगों का आरोप है कि कुछ भ्रष्ट अधिकारियों के संरक्षण के कारण भी माफियाओं का मनोबल बढ़ा है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले भी कादिरगंज क्षेत्र में बालू माफियाओं ने एक चौकीदार पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। लगातार हो रही घटनाओं से पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


