Jamshedpur News: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एग्रिको इलाके में हुई ट्रिपल मर्डर की घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी और अब वह लगातार अपने लिए मौत की सजा की मांग कर रहा है।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब छह बजे की है। उस समय रवींद्र सिंह की पत्नी सरिता सिंह रसोई में नाश्ता तैयार कर रही थीं। बाद में जब वह बेसिन के पास बर्तन धो रही थीं, तभी आरोपी पीछे से टांगी लेकर पहुंचा और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कई वार होने के कारण सरिता सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घर के कमरे बंद थे और एयर कंडीशनर चल रहा था, इसलिए चीख-पुकार बाहर तक नहीं पहुंच सकी।
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी अपने बेटे रवि कुमार सिंह के कमरे में गया। रवि उस समय सो रहा था। रवींद्र सिंह ने बेटे पर टांगी से कई वार किए। हमला इतना खौफनाक था कि टांगी तक टूट गई। इसके बाद उसने हथौड़ा उठाकर बेटे के सिर पर लगातार प्रहार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी अपनी गर्भवती बेटी सुप्रिया के कमरे में पहुंचा। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसने सुप्रिया पर भी हथौड़े से कई वार किए। आरोपी तब तक हमला करता रहा जब तक उसे यह भरोसा नहीं हो गया कि उसकी बेटी की मौत हो चुकी है। पूछताछ में उसने यह भी कबूल किया कि तीनों शवों पर दोबारा हमला किया गया ताकि कोई जीवित न बच सके।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुदकुशी की भी कोशिश की। उसने गैस चूल्हा खोलकर आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन पर्दे में आग लगते ही घबरा गया। बाद में उसने खुद पुलिस को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के अंदर खून से लथपथ शव पड़े मिले। दीवारों पर भी खून के निशान थे।
पड़ोसियों ने बताया कि सुबह सरिता सिंह सामान्य रूप से घर के बाहर निकली थीं और आसपास के लोगों को देखकर मुस्कुराई भी थीं। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ देर बाद घर के अंदर इतनी भयावह घटना घट जाएगी।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी और हथौड़ा बरामद कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


