Araria News: बिहार के अररिया जिले में पुलिस ने ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संगठित सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के चार सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया है, जो सीमांचल क्षेत्र में स्मैक की आपूर्ति करने आए थे। पुलिस ने इनके पास से 1.035 किलोग्राम स्मैक, एक कार और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में स्मैक के बढ़ते नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक स्थानीय स्तर पर कई छोटे कारोबारी पकड़े जा चुके हैं, लेकिन पहली बार पुलिस ने सप्लाई चेन के मुख्य कड़ी यानी बाहरी सप्लायरों को गिरफ्तार किया है, जो इस नेटवर्क को मजबूत बना रहे थे।
नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक स्मैक की बड़ी खेप लेकर अररिया पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और एनएच-27 स्थित न्यू मरंगा ढाबा के पास छापेमारी की गई। वहां पुलिस ने एक संदिग्ध हुंडई कार (WB 02 AQ 3598) को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में रखे टूल बॉक्स से 1 किलो 35 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। इसके बाद मौके से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. उमेर अली, मो. रोहित शेख, सबीरुल शेख और सदीकुल के रूप में हुई है, जो सभी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी कार्ड और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि ये सभी अररिया और आसपास के इलाकों में स्मैक की डिलीवरी करने आए थे, जिससे स्थानीय स्तर पर नशे का कारोबार संचालित होता।
एसपी ने यह भी बताया कि इससे पहले 26 अप्रैल को जीरो माइल इलाके से हैदर नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था, जो अपनी बहन को स्मैक पहुंचाने आया था। इस मामले ने पुलिस को सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों तक पहुंचने में मदद की।
इस पूरे मामले में नगर थाना में कांड संख्या 230/26 दर्ज कर बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके पीछे के बड़े गिरोह की तलाश में जुटी हुई है।
इस खबर को भी पढ़ें : साइबर पुलिस ने किया मोतिहारी में क्रिप्टो मनी लॉन्ड्रिंग का बड़ा खुलासा, 70 लाख कैश बरामद,50 करोड़ USDT ट्रांजैक्शन उजागर,चार गिरफ्तार


