Ranchi News: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य की राजधानी रांची समेत कई जिलों में 30 अप्रैल तक मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने पूर्वी और मध्यवर्ती इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना जताई है। इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पिछले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में हुई बारिश के कारण तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है। राजधानी रांची में तापमान में करीब 2 डिग्री और डाल्टनगंज में 3 डिग्री की गिरावट देखी गई है। अन्य जिलों में भी तापमान में कमी दर्ज की गई, जिससे मौसम अपेक्षाकृत सुहावना हुआ।
हालांकि, पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य में गर्मी अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। सरायकेला में सबसे अधिक 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुमला में न्यूनतम 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री रहा।
अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री, डाल्टनगंज में 41.6 डिग्री, बोकारो में 41.5 डिग्री और चाईबासा में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि गर्मी अभी भी प्रभावी है, लेकिन बीच-बीच में हो रही बारिश से राहत मिल रही है। बुधवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से मौसम साफ रहा और लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि दोपहर बाद अचानक घने बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे वातावरण में ठंडक महसूस की गई।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है। साथ ही खराब मौसम के दौरान घर के अंदर सुरक्षित रहने की अपील की गई है। प्रशासन भी संभावित आपदा को लेकर अलर्ट मोड में है।


