Palamu News: जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने एक निर्दोष व्यक्ति की जान ले ली। पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के केल्हवा साप्ताहिक बाजार में सोमवार को मुर्गा काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे एक सब्जी विक्रेता की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के गढ़गांव निवासी 51 वर्षीय अब्दुल बारिक मियां उर्फ करीमन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अब्दुल बारिक मियां हर सप्ताह की तरह बाजार में सब्जी बेचने आए थे। उसी दौरान बाजार में एक युवक मुर्गा खरीदने पहुंचा। दुकान पर भीड़ ज्यादा होने के कारण दुकानदार ने मुर्गा काटकर देने से इनकार कर दिया और खड़ा मुर्गा ले जाने को कहा।
इसी बात को लेकर युवक और दुकानदार के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई। विवाद बढ़ता देख अब्दुल बारिक मियां ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। इसी दौरान विवाद करने वाला युवक मौके से भाग निकला।
बताया जा रहा है कि इसके बाद मुर्गा दुकानदार ने अपने कुछ रिश्तेदारों को बुला लिया और उस युवक की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उन्हें पता चला कि जिस युवक से विवाद हुआ था, वह अब्दुल बारिक मियां के ही गांव का रहने वाला है। इसी आधार पर आरोपितों ने अब्दुल बारिक मियां को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल अब्दुल बारिक मियां को पहले पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) रेफर कर दिया गया। वहां से भी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रांची के रिम्स भेजा जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मंगलवार को मृतक के गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने चौक पर हंगामा करते हुए सड़क जाम करने की कोशिश की। हालांकि, पांकी और पिपराटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
पिपराटांड़ थाना प्रभारी नितेश कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।


