Siwan News: जिले में मंगलवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। यह घटना सीवान-पटना मुख्य मार्ग पर बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव के पास हुई, जहां पुलिस ने समय रहते बड़ी आपराधिक वारदात को टाल दिया।
जानकारी के अनुसार, बसंतपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में सघन घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार वहां पहुंचे, लेकिन पुलिस को देखते ही भागने लगे।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, जिस पर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों अपराधियों के पैर में गोली लग गई और वे मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
घायलों की पहचान बड़हरिया थाना क्षेत्र के सदरपुर निवासी रोहित कुमार शर्मा (25) और चौकी हसन गांव निवासी रोहित कुमार कुशवाहा उर्फ रिशु (19) के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
पूछताछ के दौरान रोहित शर्मा ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने स्वीकार किया कि वह बसंतपुर के खोड़ीपाकड़ ज्वेलरी लूटकांड और हालिया अरुण ज्वेलर्स लूटकांड में शामिल था। साथ ही वह एक अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा है और हैदराबाद समेत कई शहरों में लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उसका साथी रिशु भी ज्वेलरी लूटकांड में शामिल पाया गया है।
डॉक्टरों के अनुसार, रोहित शर्मा के दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि रिशु के पैर में गोली आर-पार हो गई है। दोनों की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद जिले में सक्रिय अपराधी गिरोहों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
इस खबर को भी पढ़ें : सीवान CSP संचालक हत्याकांड में बड़ा खुलासा, लाइनर गिरफ्तार,CCTV और तकनीकी जांच से खुला राज


