Siwan News: जिले के सराय थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सीएसपी संचालक लूट और हत्या कांड में पुलिस को अहम सफलता मिली है। इस मामले में पुलिस ने घटना के लाइनर को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से हथियार समेत कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार के रूप में हुई है, जो महादेवा थाना क्षेत्र के सलेमपुर नई बस्ती का निवासी है। पुलिस के अनुसार, 20 मार्च 2026 को नवका टोला निवासी सीएसपी संचालक अशोक पटेल बैंक से करीब 5 लाख रुपये लेकर अपने केंद्र कल्याणपुर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। लूटपाट के बाद अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। इस टीम ने बबुनिया मोड़ से लेकर घटनास्थल तक के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की।
जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सिसवन टोला बाइपास रोड के पास छापेमारी कर प्रमोद कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, दो पासबुक, एक आईडी कार्ड, एक बैग, एक मोबाइल फोन और 8220 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी इस वारदात का लाइनर था और उसने अपराधियों को पूरी जानकारी उपलब्ध कराई थी। फिलहाल इस मामले में सराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।


