Patna News: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता उमेश सिंह कुशवाहा को लगातार तीसरी बार पार्टी का बिहार प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। शुक्रवार को पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया।
प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार ‘मुन्ना’ और परमहंस कुमार ने उन्हें औपचारिक रूप से अध्यक्ष पद का प्रमाण-पत्र प्रदान किया। जानकारी के अनुसार, उमेश सिंह कुशवाहा ने अध्यक्ष पद के लिए चार सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। नामांकन की निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने तक किसी अन्य नेता ने इस पद के लिए आवेदन नहीं किया। इसके बाद नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की गई और उन्हें निर्विरोध बिहार प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।
नामांकन के दौरान प्रस्तावक के रूप में राज्य सरकार की मंत्री लेसी सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक रत्नेश सदा, पूर्व मंत्री एवं विधायक शीला मंडल तथा डॉ. पूनम सिंह मौजूद रहीं। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है कि पार्टी ने उन्हें तीसरी बार यह जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और आशीर्वाद में संगठन की सेवा करने का उन्हें फिर से अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय और जनोन्मुख बनाने के लिए वे लगातार कार्य करेंगे। साथ ही पार्टी के मूल मंत्र “न्याय के साथ विकास” को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, राज्य सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह ‘गांधी जी’, राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक भगवान सिंह कुशवाहा सहित कई नेता मौजूद रहे।
पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि उमेश सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में जदयू संगठन को और मजबूती मिलेगी और पार्टी आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करेगी।

