T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बाद भारत चौथी और आखिरी टीम बनी जिसने नॉकआउट में एंट्री की। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया ने 196 रनों का लक्ष्य 4 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। यह जीत सिर्फ सेमीफाइनल टिकट नहीं थी, बल्कि एक नया इतिहास भी थी।
जब सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे बड़े बल्लेबाज़ जल्दी आउट हो गए, तब भारतीय टीम दबाव में थी। ऐसे समय में संजू सैमसन ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 97 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल थे। शुरुआत से लेकर अंत तक क्रीज पर डटे रहकर सैमसन ने साबित किया कि बड़े मैच में बड़ा खिलाड़ी ही टीम को पार लगाता है।
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 195 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 196 रन बनाकर ईडन गार्डन्स पर टी20 इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज किया। इससे पहले इस मैदान पर 158 रनों का रिकॉर्ड था, जो भारत के नाम ही था। कप्तान सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा की छोटी लेकिन अहम पारियों ने टीम को जीत की राह पर बनाए रखा।
आखिरी दो ओवरों में मुकाबला रोमांचक हो गया था। भारत को 12 गेंदों में 17 रन चाहिए थे। 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या के आउट होते ही तनाव बढ़ गया। तभी शिवम दुबे ने आते ही तीन गेंदों में दो चौके जड़ दिए। इन दो शॉट्स ने मैच का दबाव कम कर दिया और वेस्टइंडीज की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अंत में भारत ने 4 गेंद शेष रहते जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।