Bokaro News : बोकारो जिले के चास नगर निगम क्षेत्र में मतदान के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक प्रत्याशी के पति और पुलिस के बीच तीखी कहासुनी के बाद झड़प हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि डीएसपी प्रवीण सिंह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया। आरोपी प्रत्याशी पति रमाशंकर सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि घायल डीएसपी का अस्पताल में इलाज जारी है।
वार्ड 32 के बूथ पर हुआ पूरा विवाद
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना चास नगर निगम के वार्ड 32 स्थित एक मतदान केंद्र पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ लोग जबरन बूथ के अंदर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस द्वारा रोकने और पूछताछ करने पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि इसी दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस का कहना है कि जब स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई, तभी डीएसपी प्रवीण सिंह पर हमला कर दिया गया।
हमले में घायल हुए डीएसपी प्रवीण सिंह
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान डीएसपी प्रवीण सिंह के मुंह पर जोरदार प्रहार किया गया, जिससे उनके दांतों से काफी खून बहने लगा। उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बोकारो एसपी हरबिंदर सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
Read More : Iran में बिगड़ते हालात, भारतीयों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह
सीसीटीवी जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
एसपी हरबिंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों के साथ मौजूद दो महिलाओं ने पुलिस पर बल प्रयोग का आरोप लगाया है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में स्थिति अलग दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि झूठे बयान देकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
