बेगूसराय।

रतनपुर ओपी के हाजत से कुख्यात अपराधी को भगाने के आरोप में शनिवार की रात को पुलिस ने अपने ही दो होम गार्ड जवानो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार होम गार्ड के जवानो में अरूण कुमार और बालेन्दु प्रसाद के नाम शामिल है। दोनो रतनपुर ओपी में पदस्थापित थे। जबकि फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है। जानकारी अनुसार रतनपुर ओपी पुलिस ने 12 जनवरी को गोलाबारी करने के आरोपी कुख्यात अपराधी रजनीकांत को गिरफ्तार किया था। उसे दोनो होम गार्ड की अभिरक्षा में ओपी हाजत में रखा गया था। इस दौरान अपराधी फरार हो गया। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जांच के लिए वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर स्पेशल टीम का गठन किया गया। जांच में दोनो होम गार्ड के जवानो की अपराधियों के साथ मिलीभगत के साक्ष्य मिले। यह भी तथ्य सामने आया कि जवानो ने एक साजिश के तहत अपराधी को फरार करवा दिया।