Ranchi News:- विवाह सीजन की शुरुआत से पहले ही राजधानी रांची में बैंक्वेट हॉल, धर्मशालाओं और होटल हॉल की बुकिंग तेज हो गई है। शहर के लगभग 80 प्रतिशत बैंक्वेट हॉल नवंबर और दिसंबर के लग्न दिनों के लिए पहले ही बुक हो चुके हैं। संचालकों का कहना है कि इस साल शुभ लग्न दिवस कम होने के कारण बुकिंग पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। चेंबर बैंक्वेट सब कमेटी चेयरमैन के अनुसार शुभ दिनों के लिए लगातार पूछताछ हो रही है और लगभग सभी प्रमुख स्थलों की बुकिंग हो चुकी है।
इधर, बाजारों में भी शादी की तैयारी का असर साफ दिख रहा है। जेवर, कपड़ा, गिफ्ट और साज-सज्जा की दुकानों में देर रात तक ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि भले ही इस वर्ष लग्न दिवस कम हैं, लेकिन खरीदारी का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
आचार्य मनोज पांडेय ने बताया कि इस वर्ष नवंबर और दिसंबर में कुल 13 विवाह लग्न हैं। 18 नवंबर से शहनाइयों की शुरुआत हो जाएगी। वहीं नवंबर 2025 से जुलाई 2026 तक कुल 75 शुभ विवाह तिथियां उपलब्ध हैं। नवंबर में 18, 19, 21, 22, 23, 24, 25, 29 और 30 तारीख को विवाह के शुभ योग बन रहे हैं। दिसंबर में 1, 4, 5 और 6 दिसंबर को भी शुभ मुहूर्त हैं।
फरवरी, मार्च, अप्रैल, मई, जून और जुलाई में भी लगातार शुभ तिथियां बनी हुई हैं। इनमें फरवरी में 4 से 15 फरवरी तक कई शुभ योग हैं। मार्च में 2 से 14 मार्च तक, अप्रैल में 20 से 30 अप्रैल तक, मई में 3 से 14 मई तक और जून में 19 से 30 जून तक विवाह के लिए उत्तम समय बताया गया है।
पंचांग के अनुसार 22, 23, 24 और 29 नवंबर, 4 व 5 दिसंबर, 5 और 12 फरवरी, 9 व 10 मार्च और 14 मार्च विवाह के अत्यंत शुभ मुहूर्त हैं। आचार्य पांडेय के मुताबिक विवाह के लिए बृहस्पति, शुक्र और सूर्य का शुभ होना आवश्यक है। इन ग्रहों के अनुकूल योग विवाह को सुखद और सफल बनाते हैं।
18 नवंबर को भी प्रातः 06:12 से 08:33 बजे तक शुभ लग्न का समय है। हालांकि रात 01:21 बजे के बाद मृत्यु बाण योग बन जाने के कारण इससे पहले सिंदूरदान और कन्यादान करने की सलाह दी गई है।

