Giridih News:- गिरिडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ऐसे साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो आंगनबाड़ी अधिकारी बनकर गर्भवती महिलाओं को मातृत्व लाभ योजना की राशि दिलाने का झांसा देकर ठगी करते थे।
रविवार को साइबर डीएसपी आबिद खान ने जानकारी दी कि गिरफ्तार अपराधियों की पहचान शंकर वर्मा और धनुषधारी वर्मा के रूप में की गई है। दोनों आरोपी गिरिडीह जिले के बेंगाबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से कई सिम कार्ड, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।
डीएसपी ने बताया कि ये दोनों आरोपी बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खंडोली पर्यटक स्थल के पास शहरपुरा जंगल में बैठकर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने कभी आईटी सेक्टर में लाखों का पैकेज छोड़कर साइबर अपराध का रास्ता अपना लिया था। दोनों आलीशान घर में रहते हैं और महंगी गाड़ियों में घूमते हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

