Giridih News:- गिरिडीह जिले में मंगलवार को प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बगोदर-सरिया मुख्य मार्ग स्थित होटल कलश धाम में चल रही अवैध गतिविधियों का पर्दाफाश किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने कई युवक-युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, यह होटल लंबे समय से विवादों में घिरा हुआ था। स्थानीय लोगों ने बताया कि होटल में बिना किसी पहचान-पत्र की जांच के कमरे उपलब्ध कराए जाते थे, जिसके चलते यहां अनैतिक गतिविधियां लगातार चल रही थीं। बताया जा रहा है कि होटल में शराब सेवन के लिए विशेष केबिन भी बनाए गए थे, जहां देर रात तक मौज-मस्ती का सिलसिला चलता था।
सबसे गंभीर बात यह है कि यह होटल एक स्कूल और बीएड कॉलेज से मात्र 10 मीटर की दूरी पर स्थित है। शैक्षणिक संस्थानों के इतने करीब इस तरह की गतिविधियों का चलना स्थानीय प्रशासन की निगरानी पर सवाल खड़ा करता है।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय राम ने किया। उन्होंने बताया कि मौके से पकड़े गए युवक-युवतियों से पूछताछ की जा रही है और होटल संचालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई के दौरान एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता भी दल के साथ मौजूद थे।
प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से होटल को सील कर दिया है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि इतने दिनों से यह गतिविधियां कैसे संचालित होती रहीं। जांच टीम यह भी पता लगा रही है कि स्थानीय स्तर पर किसकी लापरवाही से यह सब संभव हुआ।
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसे सभी होटलों की जांच की जाए जहां बिना उचित दस्तावेजों के कमरे दिए जाते हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी।

